सर्वसुविधायुक्त बस टर्मिनल निर्माण में हाईटेंशन तार व पाइपलाइन बना ब्रेकर…

सर्वसुविधायुक्त बस टर्मिनल निर्माण में हाईटेंशन तार व पाइपलाइन बना ब्रेकर…

इन्हे भी जरूर देखे

रायगढ़। शहर में सर्वसुविधायुक्त बस टर्मिनल निर्माण में हाईटेंशन तार व पाइपलाइन का रोड़ा अटक रहा है। ऐसे में इन्हें शिफ्ट करने में काफी समय लगेगा। यही वजह है कि निगम प्रशासन को काम रोकना पड़ गया है। वहीं काम प्रारंभ होने पर ट्रांसपोर्ट नगर की दो सड़कों को बंद कर दिया गया है, जिसके कारण ट्रांसपोर्टरों के ट्रक व ट्रेलर भी वर्तमान बस स्टैंड से ही होकर गुजर रहे हैं। इस वजह से यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम की ओर से केवड़ाबाड़ी क्षेत्र में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने तथा सारंगढ़ बस स्टैंड के भी जीर्णोद्धार की दृष्टि से दोनों को मिलाकर एक सर्वसुविधायुक्त अंतरराज्यीय बस टर्मिनल निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

22 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से ट्रांसपोर्ट नगर में प्रस्तावित आईएसबीटी के लिए टेंडर होने के साथ ही सारंगढ़ बस स्टैंड में हुए अतिक्रमण को हटाते हुए काम भी शुरू करा दिया गया था। वहीं बस टर्मिनल का काम पूरा करने के लिए ठेकेदार को 18 माह की डेडलाइन दी गई थी। विडंबना यह है कि निर्माण में आने वाली अड़चनों के विषय में नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान ही नहीं दिया और आनन-फानन में कार्य प्रारंभ करवा दिया। ठेकेदार ने एक ओर गड्ढा खोदकर कॉलम खड़े करने के लिए छड़ लगाने का काम शुरू किया, लेकिन उसके बाद विगत दो माह से काम बंद हो गया है।

बताया जा रहा है कि आईएसबीटी की प्रस्तावित जमीन से 11 केवी की हाईटेंशन लाइन एवं अमृत मिशन की पाइपलाइन गुजर रही है, जिन्हें शिफ्ट करने में तीन से चार माह का समय लग सकता है। वहीं निर्माण कार्य के लिए ट्रांसपोर्ट नगर के दो मार्गों को भी बंद करवा दिया गया, जिससे ट्रांसपोर्टरों के ट्रकों के अलावा ट्रेलर भी सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर से ही होकर गुजर रहे हैं। भारी वाहनों के बस स्टैंड होकर निकलने पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है तथा दुर्घटना की भी आशंका बनी रहती है। वहीं मूलभूत सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

काम शुरू होने से लोगों को लगा था कि कुछ माह की ही परेशानी है, फिर अच्छी व्यवस्था हो जाएगी, परंतु अब काम में होने वाली लेटलतीफी से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।

क्या कहते हैं महापौर

आईएसबीटी के निर्माण से लोगों को काफी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। कुछ अड़चनों की वजह से काम की गति धीमी जरूर हुई है। हाईटेंशन तारों की शिफ्टिंग के लिए बिजली विभाग को निर्देशित किया गया है, साथ ही अमृत मिशन की पाइपलाइन को भी हटाने के लिए टेंडर हो गया है। दोनों के शिफ्ट होने पर काम में तेजी आएगी।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इन्हे भी जरूर देखे

Must Read



LIVE SHARE MARKET