ट्रांसपोर्ट नगर के पास अज्ञात शख्स की हत्या, पुलिस ने 3 लोगों को लिया कस्टडी में…

ट्रांसपोर्ट नगर के पास अज्ञात शख्स की हत्या, पुलिस ने 3 लोगों को लिया कस्टडी में…

इन्हे भी जरूर देखे

रायगढ़ । शनिवार की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के समीप नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की लाश मिलने से आसपास क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने की वजह से प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होने पर फॉरेंसिक मोबाइल यूनिट की भी मदद ली गई। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाते हुए जांच प्रारंभ कर दी है। वहीं मृतक की शिनाख्त भी नहीं हो पाई है।

परिजनों की पतासाजी के लिए पुलिस ने फोटो आसपास के जिलों के थानों में भिजवाया है तथा सोशल मीडिया पर भी प्रसारित करवाया गया है। वहीं पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जा सकेगी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि अज्ञात बदमाशों द्वारा लूटपाट के इरादे से उसके साथ मारपीट की गई है और सीने एवं पीठ में किसी धारदार वस्तु से वार किया गया है, जिसके कारण उसकी मौत हो गई है। वहीं, जूटमिल पुलिस ने जांच के दायरे को बढ़ाते हुए तीन संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

शनिवार की सुबह जूटमिल क्षेत्र में स्थित ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास नेशनल हाईवे में सड़क किनारे एक युवक की लाश देख आसपास लोगों की भीड़ लग गई थी। वहीं मामले की सूचना जूटमिल थाने में दिए जाने पर थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक के सीने और पीठ के अलावा कंधे में चोट के निशान मिलने पर प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने से टीआई अभिनव कांत ने उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक मोबाइल यूनिट की भी मदद ली गई। एफएसएल टीम के साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल ने भी मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली।

वहीं मृतक की शिनाख्त नहीं होने पर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, परंतु किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल सकी। लाश से कुछ दूरी पर मृतक का बैग मिला, जिसमें चादर एवं अन्य कपड़े थे, जिससे माना जा रहा है कि वह ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला है तथा मुसाफिरी में रायगढ़ आया था। चूंकि मृतक बाहर का रहने वाला है, जिससे स्थानीय स्तर पर उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश का सवाल ही नहीं उठता। लिहाजा माना जा रहा है कि रात को बस स्टैंड तरफ उसके आने पर बदमाशों द्वारा लूटपाट के इरादे से उसके साथ मारपीट की गई होगी और इसी बीच पेचकस नुमा धारदार हथियार से सीने में वार करने के कारण उसकी मौत हुई होगी।

वहीं पंचनामा कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाते हुए सभी बिंदुओं पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जूटमिल पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने तीन संदेहियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस ने फोटो आसपास के जिलों के थानों में भिजवाया है तथा सोशल मीडिया पर भी प्रसारित करवाया गया है।

चौक पर लगे सीसीटीवी खराब पड़े

ट्रांसपोर्ट नगर के पास चौराहे में डिवाइडर पर पूर्व में प्रशासन द्वारा सीसीटीवी लगवाया गया था, परंतु लंबे समय से सीसीटीवी खराब पड़े हैं और कैमरे धूल फांक रहे हैं। जिस खंभे पर सीसीटीवी के कैमरे लगे हैं, उसके सामने ही लाश मिली है। यदि कैमरे सही होते तो वास्तविक घटना का खुलासा हो सकता था। वहीं पुलिस अब घटनास्थल से कुछ दूर पर दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इन्हे भी जरूर देखे

Must Read



LIVE SHARE MARKET