दोनों पक्षों पर दर्ज हुई एफआईआर , चक्रधरनगर चौक मारपीट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार…

दोनों पक्षों पर दर्ज हुई एफआईआर , चक्रधरनगर चौक मारपीट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार…

इन्हे भी जरूर देखे

रायगढ़। चक्रधरनगर चौक स्थित दुर्गा पंडाल के पास 21 अक्टूबर की रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विवाद के दौरान गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के समय पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई न किए जाने की शिकायत का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर थाना चक्रधरनगर में काउंटर केस दर्ज किए गए हैं। अपराध क्रमांक 533/2026 और 534/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप

मारपीट की इस घटना को लेकर छोटे अतरमुडा निवासी सुशील गुप्ता (31 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विजयपुर शराब भट्टी के पास हुए विवाद को लेकर चक्रधरनगर चौक पर चन्द्रशेखर सिंह राजपूत, अभिलाष गुप्ता के साथ झगड़ा कर रहा था। बीच-बचाव करने के दौरान चन्द्रशेखर ने हाथ में पहने कड़े से सुशील के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई।

वहीं, दूसरे पक्ष के चन्द्रशेखर सिंह राजपूत ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आहता में हुए विवाद के बाद चक्रधरनगर चौक पर अभिलाष गुप्ता और उसके साथियों ने उनके साथ, उनके चाचा श्याम सिंह राजपूत और चचेरे भाई उत्तम सिंह राजपूत के साथ मारपीट की।

तीन आरोपी गिरफ्तार, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई

पुलिस ने अपराध क्रमांक 533/2026 में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में बंगलापारा कोतरा रोड (थाना सिटी कोतवाली) निवासी चन्द्रशेखर सिंह राजपूत, उत्तम सिंह राजपूत (25 वर्ष) और श्याम सिंह राजपूत (51 वर्ष) शामिल हैं। इन तीनों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर विवाद करने, कानून व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी विवाद का निपटारा कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए और दोनों मामलों में जांच जारी है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इन्हे भी जरूर देखे

Must Read



LIVE SHARE MARKET