बाप ने नदी में डुबोया, फिर शव के पैर छूकर मांगी माफी…

बाप ने नदी में डुबोया, फिर शव के पैर छूकर मांगी माफी…

इन्हे भी जरूर देखे

बिना ब्याही प्रेग्नेंट हुई बेटी, बाप ने नदी में डुबोया, फिर शव के पैर छूकर मांगी माफी..

आगरा/ रिश्तों और संवेदनाओं को तार-तार कर देने वाला ‘ऑनर किलिंग’ का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। तथाकथित ‘झूठी शान’ की खातिर एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय अविवाहित और गर्भवती बेटी को बेदर्दी से मौत के घाट उतार दिया। क्रूरता और पछतावे का अजीबोगरीब मेल यह रहा कि हत्या के बाद पिता ने बेटी के शव के पैर छूकर माफी भी मांगी। इसके बाद पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए उसने खुद ही थाने जाकर बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। जब दिल्ली पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ कर मामले की परतें खोलीं, तो जो सच सामने आया उसने जांच अधिकारियों को भी सन्न कर दिया।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बासौनी थाना क्षेत्र का रहने वाला यह परिवार लंबे समय से दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में निवास कर रहा था। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि 18 साल की युवती के अविवाहित होने के बावजूद गर्भवती होने की जानकारी सामने आ गई थी। इस बात को लेकर परिवार में भारी आक्रोश था और इसी कथित ‘इज्जत’ को बचाने के लिए खौफनाक साजिश रची गई। मुख्य आरोपी पिता लखपत 29 जुलाई को अपनी बेटी को इलाज और दवा दिलाने का झांसा देकर दिल्ली से आगरा ले आया। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में आरोपी के दामाद ने भी उसका पूरा साथ दिया और दोनों ने मिलकर युवती को चंबल नदी के गहरे पानी में डुबोकर मार डाला।

वारदात को अंजाम देने के बाद, पिता ने बड़ी ही चालाकी से तिगड़ी थाने (दिल्ली) पहुंचकर बेटी के लापता होने की झूठी कहानी गढ़ी। शुरुआती दौर में पुलिस इसे एक सामान्य गुमशुदगी का मामला ही मान रही थी, लेकिन तफ्तीश के दौरान परिवार के बयानों में लगातार विरोधाभास नजर आने लगा। मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब पुलिस का शक गहराया और कड़ाई से पूछताछ की गई, तो आखिरकार पिता टूट गया और उसने अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया।आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस की टीम उसे और उसके दामाद को लेकर आगरा के बासौनी थाना क्षेत्र स्थित चंबल के बीहड़ों में पहुंची।

फिलहाल पीएसी के गोताखोरों की मदद से चंबल नदी में युवती के शव की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश और दुर्गम रास्तों के कारण रेस्क्यू टीम को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। घटनास्थल का इलाका इतना बीहड़ है कि वहां तक पहुंचने के लिए टीमों को करीब पांच किलोमीटर का सफर पैदल ही तय करना पड़ रहा है, क्योंकि बारिश के चलते वहां दोपहिया या चारपहिया वाहनों का पहुंचना पूरी तरह नामुमकिन हो गया है।

इस पूरे घटनाक्रम पर आगरा (पूर्वी) के डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि चूंकि यह मामला सीधे तौर पर दिल्ली पुलिस के अधिकार क्षेत्र का है और एफआईआर भी दिल्ली में ही दर्ज की गई है, इसलिए मामले की जांच प्रभावित न हो, इसे देखते हुए कोई भी आधिकारिक जानकारी दिल्ली पुलिस द्वारा ही साझा की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए चंबल के पानी में उस अभागी बेटी के शव की तलाश में जुटी है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इन्हे भी जरूर देखे

Must Read



LIVE SHARE MARKET