दशहरा में भीतर रैनी से पहले बड़ा हादसा: आठ चक्कों वाले विजय रथ के पहिए के नीचे आने से एक की मौत, एक घायल…

दशहरा में भीतर रैनी से पहले बड़ा हादसा: आठ चक्कों वाले विजय रथ के पहिए के नीचे आने से एक की मौत, एक घायल…

इन्हे भी जरूर देखे

जगदलपुर। बस्तर दशहरा की भीतर रैनी रस्म से पहले बुधवार को आठ चक्कों वाले विजय रथ के पहिए के नीचे आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति का पैर कटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विजय रथ की गतिविधियों को तुरंत रोक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस बुलाई गई और आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

गोलबाजार परिक्रमा से पहले जुटी थी भारी भीड़

बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण रस्म भीतर रैनी के दौरान आठ चक्कों वाले विजय रथ को गोलबाजार की परिक्रमा कराई जाती है। इस पारंपरिक आयोजन को देखने के लिए हर साल की तरह हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक जुटे थे।

बुधवार को रथ की परिक्रमा शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। भारी भीड़ और धक्का-मुक्की की स्थिति के बीच यह हादसा हो गया, जिसमें दो लोग पहिए की चपेट में आ गए।

रथ पर विराजित नहीं हुआ था माता दंतेश्वरी का छत्र

हादसे के समय तक माता दंतेश्वरी का छत्र विजय रथ पर सवार नहीं किया गया था। बस्तर दशहरा की परंपरा के अनुसार, मावली परघाव की रस्म पूरी होने के बाद ही माता दंतेश्वरी के छत्र को आठ चक्कों वाले विजय रथ पर विराजित किया जाता है और उसके बाद रथ की परिक्रमा शुरू होती है।

छत्र विराजित होने से पहले ही यह दुखद घटना घट गई, जिसके बाद रथ संचालन को रोककर राहत कार्य शुरू किया गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मृतक की पहचान करने में जुटे हैं।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इन्हे भी जरूर देखे

Must Read



LIVE SHARE MARKET